बरहज। सरयू नदी पार परसियां-विशुनपुर देवार में बनाया गया पीडब्ल्यूडी बांध जर्जर हो गया है। तटबंध के टूटने से बरमहवां टोला में भारी तबाही मच सकती है।
बाढ़ को लेकर लोग अभी से सशंकित हैं। हालांकि, विभाग दसर सरिया में करीब एक किमी तक बांध का मरम्मत करा रहा है। वहीं करीब आधा दर्जन टोलों के पास बांध अब भी जर्जर हालत में हैं।
सरयू पार परसियां-विशुनपुर देवार में गांवों को नदी के पानी से बचाने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से बांध पर पिच सड़क बनवाई गई है।
गांव के रमाशंकर यादव, मंजनाथ यादव, संजय यादव, मोदी, छोटेलाल, ओमप्रकाश आदि का कहना है कि पीडब्ल्यूडी बांध से करीब 42 मजरों के लोगों को बाढ़ से बचाया जाता है।
कई वर्षों से बांध पर मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। इससे बांध जगह-जगह जर्जर हो गया है।
गांव के लोगों का यह भी कहना है कि बरमहवां टोला, दुद्धा, पांडेय टोला, राजधारी यादव और कोमल चौहान के घर के पास बांध जर्जर हो गया है। इस पर रेनकट, रैटहोल और स्याही के मांद बन गए हैं।