देवरिया। सीएमओ कार्यालय के धनवंतरी सभागार में शनिवार को सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत के लिए टीबी और एनसीडी स्क्रीनिंग से संबंधित समीक्षा बैठक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के साथ हुई।
बैठक में बनकटा, बरहज, भलुअनी और भाटपाररानी ब्लॉक के सीएचओ ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सीएमओ ने लापरवाही पर सभी को फटकार लगाते हुए लक्षित आबादी का 30 प्रतिशत उच्च जोखिम वाली आबादी का शत प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। फील्ड में जिले के अधिकारियों के बिजिट के दौरान आयुष्मान आरोग्य बंद या सीएचओ अनुपस्थित मिले तो सीएचओ पर कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने हर सीएचओ से उसके कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी सीएचओ ईमानदारी के साथ बेहतर कार्य करें। समुदाय के बीच जाकर कैंप के माध्यम से टीबी की स्क्रीनिंग करें। सीएचओ डीबीडीएमएस पोर्टल से शत प्रतिशत इंडेट कर दवा ड्रग हाउस से लेना सुनिश्चित करें।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ट्रिपल ए की बैठक में आशा व आंगनबाड़ी की उपस्थिति सुनिश्चित करें। सभी 14 प्रकार की जांच करना सुनिश्चित करें। बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, डीटीओ डॉ. राजेश, डीपीएम पूनम, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, डीसीपीएम डॉ. राजेश गुप्ता मौजूद रहे।