देवरिया जिले के तरकुलवा थानाक्षेत्र के बसंतपुर धूसी गांव में शुक्रवार की रात को दिल दहलाने वाली घटना को अंजाम देने वाली आरोपी मां संध्या पुलिस के सामने जुर्म कबूल करने के दौरान फूट-फूट कर रोने लगी। जब पुलिस ने घटना के कारणों के बारे में जानना चाहा तो बोली कि हमने बेटियों को नदी में फेंका, लेकिन उस रात पता नहीं हमने ऐसा जघन्य अपराध क्यों कर दिया। पति से तकरार होती थी क्योंकि वह मनमौजी थे।
बसंतपुर गांव निवासी बृजवासी की छोटी बेटी आयुषी (6) का शव रविवार को छोटी गंडक नदी के पंचरुखिया घाट से बरामद हुआ था। जबकि एक दिन बाद सोमवार को बड़ी बेटी अनीशा (11) का शव रतनपुरा गांव के पास नदी से बरामद कर लिया था। मृत बच्चियों के पिता बृजवासी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पत्नी संध्या के खिलाफ हत्या कर शव को नदी में फेंकने का मुकदमा दर्ज कर सोमवार को त्रिमुहानी नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया।