देवरिया जिले के तरकुलवा थानाक्षेत्र के बसंतपुर धूसी गांव से शुक्रवार की रात में गायब हुई दो बहनों में से बड़ी बहन का भी शव सोमवार की सुबह रतनपुरा गांव के पास छोटी गंडक नदी से पुलिस ने बरामद किया है। वहीं रविवार को छोटी बहन का शव गंडक नदी के पंचरूखिया घाट से बरामद हुआ था। अभी आरोपी मां पुलिस की पकड़ से दूर है।
थाना क्षेत्र के बसंतपुर धूसी गांव निवासी बृज वासी कुशवाहा का किसी बात को लेकर पत्नी संध्या से शुक्रवार को झगड़ा हुआ था। इसके बाद पति-पत्नी दोनों बेटियां अनीशा (6) और आयुषी (11) के साथ रात में छत पर सोई थी। बृजवासी ने पुलिस को बताया कि देर रात को जब उसकी नींद खुली तो पत्नी और दोनों बच्चियां गायब थीं।
इस मामले में बृज वासी ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर पत्नी पर ही दोनों बेटियों को गंडक नदी में फेंकने का आरोप लगाया था। जिसमें से छोटी बेटी अनीशा के शव को रविवार को पुलिस ने छोटी गंडक नदी के पंचरूखिया घाट से बरामद कर लिया था। इस बीच सोमवार की सुबह थानाक्षेत्र के रतनपुरा गांव के समीप गंडक नदी में बहते हुए एक शव को लोगों ने देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के लिए बृजवासी को मौके पर बुलाया। उसने शव की शिनाख्त अपने बड़ी बेटी आयुषी के रूप में की। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।