देवरिया। खुखुंदू थाने की हवालात में डीसीएम चालक बृजपाल उर्फ विक्की की मौत के मामले में राज्य मानवाधिकार आयोग के नोटिस से निलंबित पुलिसकर्मियों में खलबली है। आयोग ने डीएम से चार दिसंबर तक जांच रिपोर्ट मांगी है। सात दिसंबर को सुनवाई होनी है।
घटना के बाद थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। अमरोहा निवासी बृजपाल को दो अक्तूबर की रात गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
तीन अक्तूबर की सुबह हवालात में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने फंदा लगाने का दावा किया था। परिजन ने पिटाई से मौत की आशंका जताई थी।
एसपी अभिजित आर शंकर ने तत्कालीन थाना प्रभारी राहुल सिंह, आरक्षी गुल्लुर प्रसाद और अंगद यादव को निलंबित किया था।
मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप के बाद विभागीय जांच की प्रगति और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही का सवाल फिर उठने लगा है। एसपी के पीआरओ आशीष सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।