हिन्दूवादी संगठनों के प्रदर्शन के चलते सिविल लाइन में लगा जाम,
देवरिया। धर्मांतरण के विरोध में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और पदाधिकरियाें ने मंगलवार को सुभाष चौक पर दिन के 10 बजे एकत्रित हुए और प्रदर्शन कर कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। जिससे पूरा शहर जाम में फंस गया। जगह-जगह खड़े पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को किसी तरह निकलवाया। लगभग दो घटे तक लोग अपने वाहनों के साथ जाम में फंसे रहे। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मंगलवार को दिन के 10 बजे सुभाष चौक पर भारी संख्या में एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी हाथों में झंडा और स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए सुभाष चौक से कलक्ट्रेट की ओर निकल पड़े। प्रदर्शनकारी सड़क के बीचोंबीच बैठक कर नारेबाजी कर रहे थे। जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान जुलूस के साथ कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह भारी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ मोर्चा संभाले हुए थे। जाम में फंसे यात्री मौका देकर अपने वाहन दूसरे मार्गों से होकर निकलाने का प्रयास किया लेकिन हर तरफ जाम लगा हुआ था जिससे लोंगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शकारियों के कलक्ट्रेट परिसर प्रवेश करने के लगभग एक घंटा बाद तक शहर में जाम की स्थिति बनी रही। संवाद