यूपी स्थापना दिवस पर आयोजित हुईं चार खेल प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उप्र स्थापना दिवस के अवसर पर चार खेलों की जनपद स्तरीय बालक वर्ग की प्रतियोगिता जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित हुईं। इसमें वालीबाल में देवरिया छात्रावास और खो-खो में सिरजम विजेता रहा।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित वालीबाल व खो-खो में आठ-आठ टीमों ने हिस्सा लिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी नितिश राय ने इसका शुभारंभ किया। वालीबाल में पहला मैच छात्रावास देवरिया और बर्दगोनिया के बीच खेला गया। इसमें छात्रावास देवरिया 25-10, 25-7 से विजयी रही। दूसरे मैच में केवी देवरिया ने सूर्या एकेडमी को, तीसरे में देवरिया स्टेडियम ने शहीद भगत सिंह टीम को, चौथे में बांकी ने हाटा को हराया।
फाइनल मैच देवरिया छात्रावास और देवरिया स्टेडियम के बीच हुआ। इसमें देवरिया छात्रावास 20-25, 25- 22, 25-17 से विजयी रहा।
खो-खो का फाइनल स्टेडियम देवरिया और नायक क्लब सिरजम के बीच हुआ। इसमें नायक क्लब सिरजम सात अंकों से विजयी रहा। समापन समारोह में जिला ओलंपिक संघ के महासचिव अजय जायसवाल ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया।
वहीं, भाटपाररानी के मल्हना मलहनी स्पोर्ट्स स्टेडियम महुआबारी में कबड्डी और एथलेटिक्स खेल का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ एसडीएम हरिशंकर लाल ने किया। 100 मीटर दौड़ में उमाशंकर यादव, 200 मीटर में रजनीश सिंह, 400 मीटर में आनंद यादव, 1500 व तीन हजार मीटर में शंभू कुमार अव्वल रहे। कबड्डी के फाइनल में सेंट जोसेफ ए ने बी टीम को हरा खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में विधायक सभाकुंवर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया।