स्पोर्ट्स स्टेडियम में बॉलीबॉल और क्रिकेट के खिलाड़ियों के लिए बन रहा आवासीय भवन।संवाद
बढ़ेंगी सुविधाएं, निर्माण एजेंसी की ओर से नए छात्रावास और तरणताल की कराई जा रही मरम्म्त
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में संचालित वाॅलीबाॅल व क्रिकेट छात्रावास के खिलाड़ियों के लिए छात्रावास भवन का निर्माण कार्य इधर तेज हुआ है। इस वर्ष के अंत तक इसके तैयार होने की उम्मीद है। इससे यहां अन्य सुविधाओं के बढ़ाए जाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। तरणताल के मरम्मत भी शुरू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में इसका सीधा लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुविधाओं को लेकर बीते वर्षों से लगातार चर्चाएं हो रही थीं। पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के चलते यहां के अधिकतर खिलाड़ी अन्य शहरों का रुख कर लेते है। वर्ष 2021 में सरकार ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते समय स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोंद्घार के लिए 618.78 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया था। इसके अंतर्गत छात्रावास के खिलाड़ियों के लिए खुद का आवासीय भवन, वास्केटबाल कोर्ट की मरम्मत, तरणताल का जीर्णोद्घार, स्टोर रूम सहित अन्य कार्य होने हैं। पिछले वर्ष शासन की ओर से इसमें से एक करोड़ रूपये जारी भी कर दिए गए। निर्माण एजेंसी के रूप में यूपी आरएनएस निर्माण खंड गोरखपुर प्रथम को चुना गया। निर्माण एजेंसी की ओर से पिछले जनवरी माह से यहां निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अब तक नींव के अलावा भू-तल के लिए पिलर और दीवार खड़ा किया जा चुका है और इसके आगे का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
-
शासन की ओर से निर्धारित बजट में से एक करोड़ रूपये पिछले साल नवंबर माह में ही जारी कर दिया गया था। काम थोड़ा लेट से निर्माण एजेंसी की ओर से शुरू हुआ। अब छात्रावास भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। तरणताल की मरम्मत भी हो रही है। सुविधाएं बेहतर होने से यहां के खिलाड़ी भविष्य में इसका लाभ पाएंगे।
राज नारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी