संवाद न्यूज एजेंसी
लार। नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। नाराज परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा करते हुए शव रख कार्रवाई की मांग करने लगे। जानकारी पर पहुंची पुलिस नाराज लोगों को शांत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर रविवार की सुबह डाॅक्टर और कर्मचारी अस्पताल बंद कर फरार हो गए। लार थाना क्षेत्र के चुरिया निवासी किशन पुत्र भूखल बांसफोर की पत्नी मधु देवी 25 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन नगर के लार भाटपार रानी मार्ग स्थित एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे।
पति किशन के मुताबिक ऑपरेशन के बाद पत्नी ने बच्ची को जन्म दिया। शनिवार को अस्पताल में मौजूद डाक्टर ने खून की कमी होने की बात कह एक यूनिट खून चढ़ाया। इसके बाद से पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी। यह देख डाक्टर देवरिया के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाने को कहा। परिजन लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते मे मौत हो गई।
शव रख परिजन लापरवाही का आरोप लगा हंगामा करने लगे। जानकारी पर नायब तहसीलदार हरि प्रसाद सीएचसी अधीक्षक डॉ बीवी सिंह ने जानकारी ली। इधर रविवार की सुबह बढ़ते माहौल को देखते हुए डाक्टर ने आनन फानन में छह से अधिक मरीजों को कहीं अन्य जगहों पर भर्ती करा दिया।
इसके बाद डाक्टर कर्मचारी अस्पताल को बंद कर फरार हो गए।यहां इलाज करा चुके एक मरीज ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि डॉक्टर द्वारा कुछ नाबालिग और अप्रशिक्षित कर्मियों को रखा गया है। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि जांच चल रही है। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।