संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। गड़ेर रोड पर आठ-10 मनबढ़ों ने सरेराह दो छात्रों की घेरकर पिटाई कर दी। घटना चार दिन पहले की बताई जा रही है। पीड़ित छात्रों ने उसी दिन पुलिस को तहरीर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों की धड़पकड़ करने की जगह उनके चक्कर लगा रही है। पीड़ित छात्रों का कहना है कि हमलावरों का रफ्तार और 307 गैंग से ताल्लुक है। वह खुलेआम घूम रहे है और रोजाना धमकी भी दे रहे है।
जानकारी के अनुसार, शेरवां बभनौली गांव निवासी अनुज चौहान (17) और शैलेश चौहान (16) 12वीं और 10 वीं के छात्र हैं। 18 मई की शाम दोनों खुखुंदू चौराहे पर बाल कटिंग कराने गए थे। आरोप है कि इसी बीच गड़ेर रोड स्थित एक पुलिया के पास कार में सवार चार-पांच युवक और दो बाइक से आएं अन्य चार-पांच युवकों ने अनुज चौहान को पकड़ लिया और किसी लड़के के बारे में पूछने लगे।
अनुज ने जब उस लड़के के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही तो हमलावर उसपर टूट पड़े। बीच-बचाव करने पर हमलावरों ने शैलेश की भी पिटाई कर दी। अनुज का कहना है कि हमलावर खुद को रफ्तार और 307 गैंग से ताल्लुक रखने का हवाला दे रहे थे। पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अनुज और उसके भाई का कहना है कि थाने की पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि बुधवार को मामला संज्ञान में आया है। आरोपियों की धड़पकड़ के लिए पुलिस लगी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।