मामूली बात पर पिटाई से होमगार्ड की मौत
रामपुर कारखाना। महुआडीह थानाक्षेत्र के जिगनी बाजार चौराहे पर मामूली सी बात पर कुछ युवकों ने होमगार्ड को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान लखनऊ में होमगार्ड की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही दोनों गांवों में तनाव व्याप्त हो गया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के धनौती रजडीहा गांव के रमाशंकर चौरसिया (49) बगल गांव के महुआडीह-हेतिमपुर मार्ग पर जिगनी बाजार चौराहे पर जमीन लेकर मकान बनवा रहे थे। आरोप है कि सोमवार की शाम 4 बजे के करीब जिगनी गांव के कुछ युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे। रमाशंकर के बेटे शिवम से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर शिवम की पिटाई करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रमाशंकर ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी लाठी-डंडे और रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहां से भी हालात नाजुक में लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजन लखनऊ में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए। वहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह 6 बजे के करीब उनकी मौत हो गई। एसजीपीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव पहुंचा। मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी बिंदु देवी व छोटे बेटे शिवम का रो-रोकर बुरा हाल है। दो बेटों में बड़ा सत्यम चौरसिया पुलिस में है। गोंडा में उसकी तैनाती है। घटना दो गांवों के बीच की होने से मौत की खबर मिलते ही दोनों गांवों में तनाव व्याप्त हो गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में महुआडीह थानाध्यक्ष राममोहन सिंह का कहना है कि मारपीट में घायल होमगार्ड की लखनऊ में मौत हुई है। एक आरोपी को पकड़ा गया है।