फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: होली के कारण स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद्द

Sun, 01 Mar 2026 12:53 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। होली का त्योहार करीब है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका और रोडवेज आदि ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट कर दिया है। वहीं मेडिकल कॉलेज ने विशेष इंतजाम किए हैं। नगरपालिका ने भी जलकल विभाग को अलर्ट कर दिया है।
विज्ञापन


महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज में विशेष व्यवस्था की है। इमरजेंसी सेवाओं में अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीएमएस डॉ. एचके मिश्र ने बताया कि इमरजेंसी के प्रत्येक शिफ्ट में दो अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। नर्सिंग और वार्ड ब्वॉय के तौर हर शिफ्ट में छह की जगह आठ लोग ड्यूटी करेंगे। वहीं हर शिफ्ट में एक इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर और दो चिकित्सक तैनात रहेंगे। इसके अलावा चर्म रोग, हड्डी रोग, मेडिसिन और नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में विशेष रूप से 10 बेड का वार्ड बनाया गया है। सभी इमरजेंसी और रंगों से एलर्जी की दवाएं उपलब्ध हैं। अपहरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। वहीं सीएमओ डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को होली पर विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। इमरजेंसी सुविधा वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाओं का स्टॉक उपलब्ध रहेगा। इन केंद्रों पर 24 घंटे स्टॉफ ड्यूटी करेंगे। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस की 108 व 102 सेवाएं रहेंगी। एंबुलेंस की सेवा प्रदाता संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर राजन विश्वकर्मा ने बताया कि होली को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे निर्बाध एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान 108 एंबुलेंस को प्रमुख चौराहों, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों और थानों के आसपास तैनात किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके। सभी एंबुलेंस में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाएं व अन्य जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क दुर्घटना, जलने की घटना, हृदयघात, सांस लेने में तकलीफ, पेट दर्द या अन्य किसी भी आपात स्थिति में 108 नंबर पर कॉल कर निःशुल्क सेवा प्राप्त की जा सकती है। गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भी 24 घंटे सक्रिय रहेगी।



-
रोडवेज में लंबी दूरी के लिए चलाई गईं 28 अतिरिक्त बसें
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में होली पर खास तैयारी की है। निगम ने रुटीन के अलावा लंबी दूरी के लिए 28 अतिरिक्त बसों का संचालन किया है। सहायक प्रबंधक परिवहन निगम ने बताया कि दिल्ली के लिए तीन अतिरिक्त बसें भेजी गईं। लखनऊ के लिए नौ, कानपुर के लिए 12, वाराणसी और अयोध्या के लिए एक-एक और वाराणसी के लिए एक अतिरिक्त बस भेजी गई है। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर अन्य बसों की भी व्यवस्था इन रूटों पर की जाएगी।
विज्ञापन



-
नगर क्षेत्र में 24 घंटे मिलेगी पानी की सुविधा
होली को लेकर नगर पालिका-नगर पंचायतों की ओर से पानी आपूर्ति की विशेष व्यवस्था बनाई गई है। होली के दिन इन क्षेत्रों में 24 घंटे नगरपालिका वार्डों में जलापूर्ति करेगी। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि होली पर नगरवासियों की सुविधा के लिए जलापूर्ति अनवरत जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें