उग्रसेन सेतु पर बना बड़ा होल, टला खतरा
पुल के रास्ते बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक, क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करने में जुटे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज/कपरवार। क्षेत्र के कपरवार स्थित उग्रसेतु पर बड़ा होल हो गया है। संयोग रहा कि कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। पुलिस ने पुल के रास्ते बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है।
राम जानकी मार्ग स्थित राप्ती नदी पर बने उग्रसेन पुल के रास्ते गोरखपुर जनपद के अलावा वाराणसी, मऊ, बलिया आदि जनपदों के लिए लोगो की आवाजाही होती है। लोगों का कहना है कि भोर में पुल से ट्रक आ-जा रहे थे। इसी बीच पुल का पश्चिमी छोर पर बीच में एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पुल पर एक बड़ा होल बन गया।
जानकारी होने पर पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णतया रोक लगा दी है। जबकि अधिकारी पुल के टूटे हिस्से को संरक्षित कराने में जुटे हैं। किसी तरह छोटे वाहनों की आवाजाही हो रही है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से अधिकांश चालक रामजानकी मार्ग पर अपने वाहन खड़ी कर दिए हैं। इससे सड़क के किनारे वाहनों की लंबी कतार लग गई है। कुछ बड़े वाहन सेमरा पुल और रुद्रपुर के रास्ते आवाजाही करते देखे गए। एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि मिस्त्री लगाकर टूटे हिस्से को बैरिकेड कराया जा रहा है। फिलहाल, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
इंसेट में-
पूर्व में कई बार क्षतिग्रस्त हो चुका है पुल
बरहज। राप्ती नदी तट पर बने उग्रसेन पुल के रास्ते जनपद-गैरजनपद के लोगों की आवाजाही होती है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से परिवहन निगम की बसें और ट्रक चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर पुल क्षतिग्रस्त हो जाता है। पूर्व में कई बार पुल के क्षतिग्रस्त होने से समस्याएं उत्पन्न हो चुकी हैं।