पुलिस बनकर बदनाम करने का गांठ रहा था रौब, खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर के पुराना बरहज निवासी और टेंट व्यवसायी के मोबाइल पर शनिवार को किसी ने फाेन किया। परिजनों के अनुसार फोन पर शख्स ने कहा कि हेलो! क्राइम ब्रांच से इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह बोल रहा हूं। मोबाइल पर गंदी फिल्म देखते हो। जेल जाओगे या बदनामी से बचने के लिए माफीनामा भरवाओगे। मोबाइल पर फोन आने के बाद से घर में खलबली मच गई। हालांकि पुलिसिया जांच में फोन करने वाला व्यक्ति फ्राड निकला। जो पुलिस बनकर पैसा ऐंठने के लिए रौब गांठ रहा था।
पुराना बरहज निवासी टेंट व्यवसायी के फोन पर करीब साढ़े दस बजे अपरिचित नंबर से किसी ने फोन किया। इसके बाद से वह पसीने-पसीने हो गया। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ वह भागकर थाने पहुंचा। जहां मामला फर्जी निकला। फोन करने वाला शख्स क्राइम ब्रांच पुलिस की जगह जालसाज निकला। वह सेटलमेंट के नाम पर 15000 रुपये मांग रहा था। पीड़ित का कहना है कि वह बार-बार घर पर दीवान, महिला-पुरुष कांस्टेबल, मीडिया को भेजने की बात कह रहा था, जबकि बदनामी का धौंस दे रहा था। दूसरी ओर कुछ दिन पूर्व तहसील के एक कानूनगो के फोन पर अपरिचित नंबर से काल आना बताया जा रहा है। इसमें शख्स अपने को पुलिस कहते हुए उनके लड़के को छेड़खानी मामले में आरोपी होना बताया। जिससे मुक्त करने के लिए पैसे की डिमांड किया जा रहा था।
सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि साइबर क्राइम के मामलों को कंट्रोल करने के लिए जागरूक किया जाता है। थोड़ी सी चूक से लोग उनका शिकार हो जाते हैं। अपरिचित नंबरों से फोन आने पर फ्रंट कैमरे पर अंगुली रखकर फोन उठाना चाहिए। इस तरह के फोन आने पर पुलिस को अवश्य अवगत करावें।