बखरा। सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर चल रहे दो अल्ट्रासाउंड सेंटरों को सील कर दिया गया।
एसडीएम श्रुति शर्मा के साथ जिले के नोडल अधिकारी डॉ. विपिन रंजन तथा गौरी बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. बीएन गिरी मौजूद रहे। भारी पुलिस बल के साथ टीम ने सबसे पहले कस्बे के मध्य स्थित पुराने बस स्टेशन के समीप एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा।
यहां न तो किसी प्रकार का बोर्ड लगा था और न ही वैध पंजीकरण से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध कराया गया। टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक भाग गया, जिसके बाद अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की टीम पंजाब नेशनल बैंक के समीप स्थित एक अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंची। यह केंद्र भी बिना नाम और बोर्ड के संचालित किया जा रहा था। जांच के दौरान यहां भी कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। बाहर से ताला लटका मिलने पर टीम ने नियमानुसार इस प्रतिष्ठान को भी सील कर दिया।
एसडीएम श्रुति शर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और मानकों के संचालित स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।्