फोटो समाचार.........
लोगों की मानें तो ट्रेन की चपेट में आने से हुई है महिला की मौत
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए, सिर व कटे हाथ की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुजुर्ग। बनकटा थाना क्षेत्र के बनकटा-मैरवा रेल खंड के बीच इंगुरी रेलवे ढाला के समीप शनिवार की सुबह रेलवे लाइन के किनारे एक महिला का सिर कटा शव मिला। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने जांच की तो महिला के सिर के साथ दाहिनी कोहनी के पास से उसके हाथ का हिस्सा नहीं था। आसपास देखने पर सिर व कटे हाथ के हिस्से का सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंगुरी रेलवे ढाला के समीप महिला का सिर कटा शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से उसकी शिनाख्त इंगुरी गांव की ही फेंकनी देवी (50) के रूप में की। ग्रामीणों ने बताया कि महिला अकेले गांव में रहती थी। उसकी शादी कुछ साल पहले कहीं हुई थी, लेकिन पति ने छोड़ दिया था। वह मानसिक रूप से कमजोर थी। गांव में रह कर इधर-उधर से मांग कर अपना जीवनयापन करती थी।
ग्रामीणों के अनुसार, रेलवे लाइन पार करते समय वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, महिला के सिर व कटे हाथ की काफी खोजबीन की गई, लेकिन घटनास्थल से कुछ दूरी तक कोई सुराग नहीं मिला।
इधर, थानाध्यक्ष अमित राय ने बताया है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।