रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की सिर कटी लाश
दोनों हाथ भी थे धड़ से अलग, बिना सिम बिखरा मिला मोबाइल
मोबाइल सिम का न मिलना हत्या की ओर कर रहा इशारा
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। भटनी और भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के बीच रविवार की सुबह एक युवक की सिर कटी लाश मिली। सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और एसओ ने पहचान की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव के पास से बिना सिम का मोबाइल मिला है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
रविवार की सुबह चरवाहे अपनी भैंस लेकर रेलवे लाइन की तरफ गए। भाटपाररानी थानाक्षेत्र के विशुनपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास 25 वर्षीय युवक का शव देखकर शोर मचाए। कुछ ही देर में आसपास के गांव के लोग इकट्ठा हो गए। युवक का सिर और दोनों हाथ धड़ से अलग थे। शव से कुछ दूरी पर एंड्रायड मोबाइल भी मिला। इसको खोलकर फेंका गया था। इसमें लगा सिम नहीं मिला है। सूचना पर एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ल, सीओ पंचम लाल और एसओ दीपक कुमार मयफोर्स पहुंचे। सभी ने शव के शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ लोगों का मानना है कि मृतक मजदूर रहा होगा और रेलवे लाइन पकड़ कर जा रहा होगा। इसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई होगी। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि हत्या कर शव को यहां फेंका गया होगा। जो भी हो मामले की सच्चाई शव की पहचान होने पर सामने आएगी। सीओ पंचम लाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शिनाख्त होने पर स्पष्ट होगा कि यह ट्रेन से कटा है या हत्या कर फेंका गया है।