रुद्रपुर। पुत्र यदि भाग्य से प्राप्त होता है तो पुत्रियां सौभाग्य से मिलती हैं। भारतीय संस्कृति में नारी सदैव पूज्यनीय रही हैं। यह बात पूर्व मंत्री व रुद्रपुर के विधायक जय प्रकाश निषाद ने कही। वह शनिवार को सीएचसी पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वस्थ नारी स्वास्थ्य परिवार व कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी महिला कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरे देश में चलाकर नारियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बना रहे है। शक्ति की आराधना इस देश को विरासत में मिली है। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की ओर से नामित नवजात बेटियों का केक काटकर जन्म उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक नीतू, मनोचिकित्सक मीनू जायसवाल, अधीक्षक डॉ एसके राव आदि मौजूद रहे।