दीनापार में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा
जय बजरंग बली के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। दीनापार गांव में शनिवार को हनुमान मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तीन दिन से चल रहे प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में वैदिक मंत्रों से हनुमान जी की मूर्ति को जीवंत किया गया। भक्त प्रतिमा का पट खुलते ही जय बजरंग बली का जयघोष करने लगे।
रुद्रपुर-मदनपुर मुख्य मार्ग पर तीस साल से निर्माणाधीन मंदिर का निर्माण कार्य पूरा कराकर प्रथमेश स्टील ग्रुप नासिक के सीईओ राधाकृष्ण राजभर ने प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पूरा कराया। इस अवसर पर हजारों भक्तों ने यज्ञ मंडप में आहुति दी।
मंदिर में सफेद पत्थर की राजस्थान से निर्मित हनुमान जी की मूर्ति स्थापित की गई है। मंदिर को नासिक के पंचवटी से मंगाए गए फूलों से सजाया गया। हनुमान जी के गले में पंचवटी के फूल से बना हार डालकर मुख्य यजमान राधाकृष्ण ने अनुष्ठान संपन्न कराया। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में लोक गायक प्रमोद यादव ने हनुमान जी का भजन प्रस्तुत कर सभी भक्तों को मुग्ध कर दिया। गायक कलाकारों ने सुंदर कांड का पाठ किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, जनार्दन राय, महेंद्रनाथ गुप्ता, कमलेश सिंह, ऋषि सिंह, आनंद शंकर मणि, कृष्णमुर्ति मणि, हरेंद्र सिंह त्यागी आदि मौजूद रहे।