मासूम बच्चों को आसान तरीके से वर्णमाला समझाने के लिए एक अध्यापक ने वर्णमाला गीत लिखा है, जिसका ऑडियो वायरल हो रहा है, जो बच्चों को काफी पसंद भी आ रहा है। गुरु जी के इस नए प्रयोग से बच्चों को वर्णमाला समझना आसान हो गया है।
पथरदेवा विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात अध्यापक उमाशंकर द्विवेदी द्वारा तैयार किए गए वर्णमाला गीत का ऑडियो काफी लोकप्रिय हो रहा है। प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को अध्यापक सिर्फ क, ख, ग, घ पढ़ा देते हैं तथा बच्चों को क से कबूतर, ख से खरगोश रटा देते हैं, लेकिन उमाशंकर ने इसे और भी आसान बना दिया है।
वर्णमाला गीत जो तैयार किए हैं, वह भी पर्यावरण जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता, एकता एवं देश प्रेम पर आधारित हैं, जो बच्चों व अभिभावकों को पसंद आ रहा है। उन्होंने गीत के माध्यम से वर्ण को शब्द समझने वाले मासूम बच्चों को वर्ण का प्रयोग कर शब्द कैसे बनाएं। इसको भी सरल उपाय बताए हैं।
अध्यापक उमाशंकर द्विवेदी ने कहा कि मैंने वर्ण को गीत के माध्यम से बच्चों को समझाने का प्रयास किया है, ताकि बच्चों को आसानी से समझ आ जाए। वर्ण को ही शब्द समझ रहे बच्चों को वर्ण व शब्द का अंतर बताने का प्रयास किया गया है।