फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दूल्हे के मामा की मौत, बिना शादी लौटी बरात

विज्ञापन
हर्ष फायरिंग में मृतक बजरंगी की फाइल फोटो
विज्ञापन
बौरडीह गांव में द्वारपूजा के समय हुई घटना, आरोपी बंदूक फेंक कर भागा, केस दर्ज
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। क्षेत्र के बौरडीह गांव में मंगलवार की रात आई एक बरात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से दूल्हे के मामा की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बंदूक झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए बराती बिना शादी के ही लौट गए। मामले में पुलिस ने गोरखपुर जिले के झगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी दो लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के उनवल निवासी लालजी निषाद के बेटे संदीप निषाद की शादी रुद्रपुर कोतवाली के बौरडीह गांव में मदन निषाद की बहन अनुराधा से तय थी, बरात मंगलवार की रात करीब दस बजे पहुंची। दरवाजे पर द्वारपूजा का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान दो लोग हर्ष फायरिंग करने लगे। बताया जा रहा है बरात में झगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी एक युवक फायरिंग करने लगा। उसकी दो नाली बंदूक फंस गई और गोली दूल्हे के मामा बजरंगी निषाद (46) निवासी महेसरा, गोरखपुर के पेट में लग गई। जिसे देख बरातियों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों के दौड़ाने पर फायरिंग करने वाला युवक बंदूक झाड़ी में फेंककर फरार हो गया। लोग आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और तलाश शुरू कर दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने बंदूक बरामद किया। बराती बिना शादी किए ही लौट गए। घटना से पल भर में खुशियों का माहौल गम में बदल गया। मामले में पुलिस ने मृतक के परिजन की तहरीर पर झगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव के प्रधान ओमप्रकाश निषाद और उनके भतीजे रामजतन खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस हर्ष फायरिंग की घटना की जांच में जुटी है। सीओ जिलाजीत ने कहा कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापा मारा जा रहा है। असलहे के निरस्तीकरण के लिए संबंधित जिले को पत्र भेजा जाएगा।
विज्ञापन

-
पल भर में मातत में बदली खुशियां
चीख पुकार से बारात में मची भगदड़
फोटो समाचार।
रुद्रपुर। बौरडीह गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान एक शख्स की मौत से अचानक खुशियों के माहौल में मातम पसर गया। गोली लगते ही खून से लथपथ होकर गिरे व्यक्ति को देख बरात में भगदड़ मच गयी। गांव में घटना से हर कोई हतप्रभ दिखा। बिना शादी हुए बरात लौटने पर घरवाले मायूस हो गए। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म था।
गांव में मंगलवार रात मदन की बहन की बरात आई थी। मोहल्ले और रिश्तेदार बरातियों के स्वागत में जुटे थे। दरवाजे पर द्वारपूजा की रस्म पूरी की जा रही थी, महिलाएं दूल्हे और बरातियों को देख मंगल गीत गाने में जुटी थीं। कुछ ही देर में लोग स्टेज पर जयमाल के लिए दूल्हे और दुल्हन के आने का इंतजार कर रहे थे, कि हर्ष फायरिंग में दूल्हे के मामा बजरंगी को गोली लग गई। गोली पेट में लगते ही घटना स्थल पर बजरंगी गिर गए। लोग उन्हें लेकर गाड़ी से अस्पताल ले जाने लगे। द्वारपूजा पर बैठा दूल्हा मामा को गोली लगने के बाद बदहवास हो गया, वह घायल मामा के साथ गाड़ी में जाने की जिद करने लगा। कुछ ही देर में मौत की खबर सुनकर लोग गमगीन हो गए। बिना कुछ बोले बराती गांव से लौट गए। दूल्हन के घरवाले भी लौट रही बरात से कुछ बोल नहीं पाई। हर कोई घटना पर आश्चर्यचकित था।
विज्ञापन


बहन को विदा करने का मदन का सपना रह गया अधूरा
रुद्रपुर। बौरडीह गांव के मदन के पिता नवनाथ की एक साल पहले बीमारी से मौत हो गई। पिता के निधन के बाद मदन के कंधे पर परिवार के भरण-पोषण सहित बहन अनुराधा की जिम्मेदारी आ गई। मदन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। गांव वालों के अनुसार बहन की शादी के लिए उसने कुछ कर्ज भी ले रखे हैं। बीते चार मई को तिलक के बाद बड़े अरमान से वह बहन की बरात के स्वागत की तैयारी और बहन की विदाई करने के लिए खुशी से काम में जुटा था। दरवाजे पर बरात आने पर दूल्हे को देख अनुराधा की मां चंद्रावती भी खुश थीं कि हर्ष फायरिंग में दूल्हे के मामा की मौत से खुशियां काफूर हो गईं। मदन दरवाजे से बिना ब्याह के बारात लौटता देख फफक कर रोने लगा, वह घटना को देख बरातियों और दूल्हे सहित परिवार को शादी के लिए रोकने में असहज दिखा। नम आंखों से वह दुल्हन बनी अपनी बहन को ढांढस बंधाने लगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें