दुल्हन की मां पहुंची थाने, बोली-सगाई और फलदान में 80 हजार रुपये नकद और हजारों रुपये के सामान खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से शादी तय हुई है। एक सप्ताह पहले सगाई होने के बाद फलदान की रस्म अदायगी कर शादी का दिन तय हो गया। इसमें दुल्हन पक्ष का 80 हजार रुपये नकद और अन्य हजारों रुपये का सामान खर्च हुआ है। अब दूल्हा शादी से इन्कार कर रहा है। दुल्हन की मां ने थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र की युवती की शादी खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक से तय हुई है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले सलेमपुर में दूल्हा-दुल्हन के परिवार वालों की मौजूदगी में सगाई हुई। दुल्हन के घरवालों ने तीन दिन बाद दूल्हा के घर आकर फलदान की रस्म पूरी की। इस दौरान दोनों पक्षों की रजामंदी से आगामी 24 नवंबर को शादी का दिन तय हुआ। दुल्हन पक्ष ने शादी के लिए सभी आवश्यक सामान की बुकिंग करा दी। अचानक दूल्हे ने फोन कर शादी से इन्कार कर दिया है।
इसके बाद दुल्हन के घर वाले और रिश्तेदार दूल्हे के घर पहुंच गए और कारण पूछने लगे। दूल्हे ने बताया है कि लड़की पसंद नहीं है। दुल्हन की मां ने खुखुंदू थाने में पहुंच तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस दूल्हे के घर जांच-पड़ताल के लिए गई है। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है।