देवरिया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड पर खाद्यान्न देने की तैयारी है। इसके लिए डमी कार्ड जारी किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ पात्र गृहस्थी की सूची में अभी भी अपात्रों की भरमार है। सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र गृहस्थी का पात्रता रखने वाले तहसीलों का चक्कर लगा रहे हैं। इसको देखते हुए डीएम ने सभी एसडीएम को बीडीओ और इओ के माध्यम से सूची को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 64.43 और ग्रामीण इलाके में 79.56 फीसदी लोगों का चयन किया जा रहा है। इसमें अंत्योदय और पात्र गृहस्थी परिवार शामिल हैं। सप्लाई विभाग का कहना है कि फीड कराई गए परिवारों की सूची चस्पा कर आपत्ति मांगी गई थी।
अब डमी कार्ड प्रिंट कराकर लोगों को दिया जा रहा है। इसमें अंत्योदय कार्ड लाल और पात्र गृहस्थी का कार्ड सफेद रंग का है।
सभी सोलहों ब्लॉकों की कुल आबादी 2791542 के सापेक्ष 2220951 लोगों को इसका लाभ दिया जाना है। लेकिन अभी तक 14.34 लाख यूनिट ही फीड हो पाया है।
सप्लाई विभाग का कहना है कि मार्च से इस कार्ड पर खाद्यान्न दिया जाना है। पूर्व की तरह ही अंत्योदय कार्डधारकों को दो रुपये की दर से 10 किलोग्राम गेहूं और तीन रुपये की दर से 25 किलोग्राम चावल दिया जाएगा।
अभी न कराएं ऑनलाइन
अभी पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड जारी किए जा रहे हैं। एपीएल कार्ड के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। डीएसओ का कहना है कि लोग अभी एपीएल के लिए ऑनलाइन न कराएं। उनके ऑन लाइन कराने से पात्र गृहस्थी में चयन में मुश्किलें आ रही हैं।
नाम-पता सही कराएं
जो डमी कार्ड बांटे जा रहे हैं। उसमें नाम पता की गलती हो तो सुधार जरूर करवा लें। इसके लिए फोटो कॉपी पर संशोधित कर आधार और बैंक पासबुक की छाया प्रति लगाकर उपलब्ध करा दें।
अपात्र होंगे सूची से बाहर
अंत्योदय या पात्र गृहस्थी में शामिल अपात्रों को सूची से बाहर किया जाएगा। इसके लिए डीएम की तरफ से सभी एसडीएम को पत्र जारी हुआ है। बीडीओ, ईओ के माध्यम से सूची को दुरुस्त किया जाना है।
-केजी पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी।