देवरिया। होली पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नारंगी-गोरखपुर-नारंगी होली विशेष गाड़ी का संचालन करने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन देवरिया होकर गुजरेगी, जिससे झारखंड, बिहार और असम से आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
05633 नारंगी-गोरखपुर होली विशेष गाड़ी 26 मार्च 2026 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को नारंगी से दोपहर 1:20 बजे रवाना होगी और गुवाहाटी, कामाख्या, रंगिया, न्यू बंगाईगांव, न्यू कोचबिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, छपरा व सीवान होते हुए देवरिया सदर से सुबह 11:30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।वापसी में 05634 गोरखपुर-नारंगी होली विशेष गाड़ी 27 मार्च 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को गोरखपुर से शाम 4:55 बजे चलेगी और देवरिया सदर से शाम 6:00 बजे होकर अगले दिन रात 9:40 बजे नारंगी पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन कुल छह फेरों के लिए चलाई जाएगी। इसमें एसी द्वितीय श्रेणी का एक, एसी तृतीय श्रेणी के पांच, शयनयान के छह, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार और दो एसएलआरडी कोच सहित कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि होली के दौरान बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा देने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है।