देवरिया। हंसराज मणि स्मारक राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत रविवार को चौथा मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में गोरखपुर और वाराणसी की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें गोरखपुर ने शानदार वापसी करते हुए वाराणसी को 2-1 से पराजित कर अगले दौर में अपनी दावेदारी मजबूत की।
मैच का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की कामना की। खेल के पहले हाफ के 21वें मिनट में वाराणसी के गौरव चौहान ने शानदार मैदानी गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोल के बाद वाराणसी की टीम ने दबाव बनाए रखा, लेकिन गोरखपुर के खिलाड़ियों ने संयम नहीं खोया। पहले हाफ के 40वें मिनट में गोरखपुर के योगेंद्र यादव ने बेहतरीन तालमेल के साथ गोल कर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
दूसरे हाफ में गोरखपुर की टीम पूरी तरह हावी नजर आई। खेल के दौरान मिले एक कॉर्नर पर योगेंद्र यादव ने उछलती हुई गेंद पर सटीक हेडर लगाते हुए उसे सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ ही गोरखपुर ने 2-1 की निर्णायक बढ़त बना ली। अंतिम मिनटों में वाराणसी ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन गोरखपुर की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे सभी प्रयास विफल रहे।
मैच के दौरान निर्णायक मंडल में क्रीड़ा भारती कोऑर्डिनेटर श्रीराम यादव, आशा खातून, हीरा निषाद, पिंकी अमरचंद मैराडोना और राजकुमार मद्धेशिया शामिल रहे। मैच की जोशीली कमेंट्री अब्दुल रब ने की, जबकि संचालन अमित मणि त्रिपाठी ने किया।