देवरिया। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत जनपद में चल रहे विशेष अभियान के तहत डीएम दिव्या मित्तल ने रविवार को विभिन्न मतदान केंद्रों (बूथों) का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, प्राप्त प्रपत्रों (फॉर्म 6, 7 एवं 8) की प्रगति तथा आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, अपूर्णता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथों पर आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए।