देवरिया। जिले की कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को खान अकादमी के सहयोग से गणित एवं विज्ञान विषय में दक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए एसआरजी उपेंद्र कुमार उपाध्याय एवं एआरपी संदीप कुमार सिंह तथा गणित विषय के लिए एआरपी संतोष कुमार मिश्रा को अकादमी की ओर से प्रशिक्षित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव के निर्देश पर तीनों मेंटर प्रत्येक शनिवार को जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भ्रमण कर खान अकादमी के गणित एवं विज्ञान विषय में ऑनलाइन शिक्षण में अकादमिक एवं तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे हैं। एसआरजी उपेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जिले के 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की छात्राओं को हर शनिवार को इन विषयों में दक्ष बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।