-एक दिन पहले ही युवती को बहला-फुसला कर भगाने के मामले में पुलिस ने एक युवक पर दर्ज किया था केस
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापपुर।
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात एक युवती का शव पेड़ से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका मिला। बताया जा रहा है कि पड़ोस के गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग के चक्कर में उसके पिता ने एक महीने पहले उसे मारा पीटा भी था। एक दिन पहले ही युवती की सौतेली मां ने उस युवक के विरुद्ध बहला-फुसला कर भगाने का केस भी दर्ज कराया था। इसके अगले ही दिन युवती की लाश मिलने के बाद इस मामले में ऑनर किलिंग का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसे दो बेटियां थीं। एक 19 साल की और दूसरी 15 साल की। बड़ी बेटी इंटर में पढ़ती थी। दूसरी पत्नी से तीन बच्चे हैं। एक बेटी 14 साल की, जबकि दो बेटे एक 11 साल का दूसरा 10 साल का।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले पिता ने युवती की शादी बिहार में तय की थी। उसके बाद युवती के पड़ोस के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर पिता ने युवती को काफी मारापीटा था। उस मामले में पंचायत भी हुई थी।
इसी बीच छात्रा की सौतेली मां ने 20 सितंबर को थाने में नामजद तहरीर देकर उसी युवक के विरुद्ध बहला फुसला कर भगाने का केस दर्ज कराया। पुलिस जांच कर ही रही थी कि 21 सितंबर की रात आठ बजे सूचना मिली कि छात्रा का शव गांव के बाहर निर्जन स्थान पर एक पेड़ में लटका है। पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त कराने के बाद रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने के हालात देखते हुए पुलिस की प्रथम दृष्टया इसे हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का मामला मान रही है। यह भी माना जा रहा है कि शव तीन-चार दिन पुराना है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
युवती की मौत को पूरे गांव में लोग ऑनर किलिंग से जोड़ कर देख रहे हैं। पता चला कि जब युवती की लाश मिली तो पिता घर पर नहीं थे। उनके लड़कों ने भी यही बताया , लेकिन कब से बाहर है यह पूछने पर वह कुछ नहीं बोले। युवती की लाश मिलने के बाद उसकी छोटी बहन भी कहीं नहीं दिखी। घटनास्थल पर उसके नहीं होने से भी संदेह पैदा हो रहा है। वहीं श्रीरामपुर पुलिस ने बताया कि शव पेड़ में काले दुपट्टे से लटका था। पैर जमीन को स्पर्श कर रहा था। दूसरे उसकी लाश भी पुरानी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवती कान में सोने की बाली पहनती थी, लेकिन जब फंदे से लटकी उसकी लाश मिली तो बाली नहीं थी। वह बाली कहां गई ? सवाल है कि क्या उसने आत्महत्या से पहले बाली निकाल दी थी, या हत्या से पहले निकाल दी गई थी। इन सवालों के जवाब मिलने के बाद ही इस पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।