अलग-अलग गांव से गायब हुई किशोरी के मामले में पुलिस ने 16 लोगों पर कार्रवाई की। पहली घटना में दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पर मुंडन समारोह में शामिल होने गई एक किशोरी संदिग्ध हालत में आठ दिन से लापता है। किशोरी के गायब होने के मामले में पुलिस ने गांव के 11 लोगों पर साजिश कर बहला फुसला कर भगा ले जाने का केस दर्ज किया। वहीं दूसरी घटना में रामलक्षन क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को भगाने के मामले में पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुआ।
किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी 21 जून को मंदिर पर मुंडन समारोह में शामिल होने गई थी। जिसे गांव के कुछ लोगों ने साजिश कर एक युवक के साथ भगाने में सहयोग किया। महिला ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की है। घटना में पुलिस ने रामचक गांव के शक्ति सोख्र, नीतू सोनकर, वीरु सोनकर, इंदू, शीला, साहिली सोनकर, शिवा सोनकर, अमित सोनकर, भोला देवी, सोनी और बेबी के खिलाफ केस पंजीकृत किया। रामलक्षन क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के गायब होने के प्रकरण में लुअठही गांव के मनीष राजभर, गुलाब, फूलमती, शुभम और संदीप पर केस हुआ। प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार पांडेय ने कहा कि तहरीर के अनुसार अभियोग दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।