डर से कोचिंग और स्कूल नहीं जा रही कक्षा नौ की छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। मदनपुर कस्बा की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर गुहार लगाई है कि मनबढ़ उसकी पुत्री को परेशान करते हैं। इस कारण कक्षा नौ की छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर बुधवार को मनबढ़ों ने मां-बेटी को दोबारा मारा-पीटा है।
मनबढ़ों के भय से कक्षा नौ की छात्रा का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। डर के कारण उसने कोचिंग और स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। मामले में पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर चार के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला का कहना है कि गांव के रहने वाले कुछ युवक रास्ते में जाते वक्त मेरी पुत्री का फोटो बनाकर वायरल कर रहे हैं। विरोध करने पर अश्लील हरकत और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हैं। युवकों ने छात्रा के भाई से भी मारपीट की है।
महिला ने बताया कि तहरीर देकर वापस घर जाते समय रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे उक्त युवकों ने मारते-पीटते हुए धमकी दी है। छात्रा की पीठ पर बेल्ट आदि के निशान, जबकि उसकी मां के आंख के नीचे जख्म हो गया है।
मदनपुर पुलिस ने आकाश, अंकित, प्रेम और संजीत के खिलाफ मारपीट आदि का केस दर्ज किया है।
सीओ रुद्रपुर अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगा।