गौरी बाजार में दीवार गिरने से क्षतिग्रस्त घर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार स्थित बंद चीनी मिल के पास बृहस्पतिवार की रात एक मकान की जर्जर दीवार बगल के टिन शेड पर भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दबकर शेड के नीचे सो रही फूला देवी (45) की मौत हो गई। उसके साथ में सो रहे बेटी रूमा के तीन मासूम बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया।
सुरौली थाना क्षेत्र के सिंगही मझगांवा गांव निवासी फूला देवी के चार बेटे और पांच बेटियां हैं। इनमें चार बेटियों और तीन बेटों की शादी हो चुकी है। फूला इन दिनों गौरी बाजार स्थित बंद चीनी मिल के पास अपनी बेटी रूमा के घर रह रही थीं।
बृहस्पतिवार की रात वह टिन शेड में बेटी के तीन बच्चों श्री (4), आदित्य (3) और वीर (2) के साथ सोई थीं। रात नौ बजे के करीब पड़ोसी के मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर टिन शेड पर गिर गई।
फूला और तीनों बच्चे मलबे में दब गए। टिनशेड पर दीवार गिरने से हुई तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों ने मलबा हटवाकर सभी को निकाला। घायलों को तत्काल सीएचसी गौरी बाजार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फूला देवी को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद अब तीनों मासूमों घर भेज दिया। उधर, हादसे की सूचना पर पहुंची गौरी बाजार पुलिस ने निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।