देवरिया। बैतालपुर नगर पंचायत स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पीछे खेल ग्राउंड पर चल रही फूलमती देवी स्मारक राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत रविवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। यह मुकाबला बिहार पुलिस और गाजीपुर की टीमों के बीच हुआ, जिसमें गाजीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार पुलिस को 2-0 के अंतर से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता सुनील कुमार राव तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य बांकेलाल यादव ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। गाजीपुर और बिहार पुलिस की खिलाड़ियों ने कई बार एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर हमले किए लेकिन मजबूत रक्षा पंक्ति और गोलकीपरों की सतर्कता के कारण कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। खेल के दूसरे हाफ में गाजीपुर की टीम ने आक्रमण तेज किया। खेल के 13 वें मिनट में तीन खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल से गेंद को आगे बढ़ाते हुए रुखसार खातून ने उछाल लेती गेंद पर शानदार हेडर लगाकर गोलपोस्ट में पहुंचाया और टीम को 1–0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद बिहार पुलिस की टीम ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
मैच के अंतिम चरणों में गाजीपुर की खिलाड़ी मनीषा कुमारी ने अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए एक बेहतरीन मैदानी गोल दागा। इस गोल के साथ गाजीपुर ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया। अंतिम सीटी के साथ मैदान में गाजीपुर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस जीत के साथ गाजीपुर की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि बिहार पुलिस का सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया।
प