देवरिया। माध्यमिक विद्यालयी अंडर-19 जनपदीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। स्पर्धा में मेजबान जीजीआईसी की टीम राजकीय इंटर कॉलेज को 10 रन से हराकर जिला चैंपियन बनी। दोनों टीमों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 16 सदस्यीय जनपद टीम का चयन मंडलीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जीआईसी के प्रधानाचार्य पीके शर्मा, एडीआईओएस राजेंद्र कुमार सरोज व संयोजक प्रधानाचार्य विमला राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खेल के दौरान तहसील क्षेत्र की केवल दो ही टीमों ने हिस्सा लिया। इसके बाद कस्तूरबा राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया और राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया की टीमों के बीच मैच हुआ। टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए जीजीआईसी की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 99 रन का स्कोर खड़ा किया। श्वेता विश्वकर्मा ने 23, स्नेहा 22 रन का योगदान दिया। जवाब में उतरी जीआईसी की टीम पांच विकेट के नुकसान पर 89 रन ही बना सकी। खुशी 25, प्रिया 10 ही कुछ संघर्ष दिखा सकीं।
मुख्य अतिथि ने विजेता व उपविजेता टीमों को पदक प्रदान किया। इसके बाद निर्णायक मंडल में शामिल प्रभात रंजन मणि त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, शैलेंद्र कुमार सैनी, योगेश यादव, श्वेता शाह, रेखा मौर्या ने कुशीनगर में आयोजित होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता के लिए जिला टीम की घोषणा की। इसमें श्वेता विश्वकर्मा, श्वेता राय, स्नेहा, आरोही सिंह, फरहीन जहां, मुस्कान पांडेय, खुशी मणि त्रिपाठी, सपना शर्मा, सिया त्रिपाठी, हर्षिता दुबे, सानिया अंसारी, ज्योति जायसवाल, तनु चतुर्वेदी, मानसी गौर, संजना खरवार, अंकिता गौतम का चयन किया गया। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिका दिव्या यादव, सारिका श्रीवास्तव, शिवानी वर्मा, प्रियंका सिंह, कामिनी पांडेय आदि उपस्थित रहीं।