देवरिया। सत्यप्रकाश दूबे के बेटे देवेश ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मिलने से असमर्थता जताई। देवेश ने जान-माल के खतरे की भी बात बताई। पत्र में देवेश ने कहा कि सपा सरकार में 2014 में मानसिक रूप से कमजाेर हमारे चाचा से बिना रुपये दिए दस बीघा जमीन का बैनामा करा लिया था। इनकी ही सरकार में पूरी जमीन को विवादित बनाकर प्रेम यादव राइफल के बल पर जोतता, बोता रहा है। देवेश ने कहा कि पिता जी अपनी जमीन पर घर बनवाना चाहते थे, लेकिन उसे विवादित बताकर घर नहीं बनने दिया गया। देवेश ने आराेप लगाया कि सपा सरकार में ही प्रेम यादव ने सरकारी जमीनों पर कब्जा किया। ठकुरदेवा के अवधेश तिवारी की जमीन पर भी कब्जा कर लिया। प्रेम का खुद का घर भी सरकारी जमीन पर है। सपा सरकार के शासन में जारी असलहे के लाइसेंस से पूरे परिवार की हत्या की गई। देवेश ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के आने से जगह-जगह एक जाति के लोग जुट रहे हैं। इससे जान पर खतरा बना हुआ है।