देवरिया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और त्रुटियों में संशोधन के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान सोमवार से शुरू हो गया।
16 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ जरूरी बदलाव के लिए आवेदन कर सकेंगे। चार जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। सभी बीएलओ अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।
निर्वाचन संबंधी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। बुक-अ-कॉल सुविधा के माध्यम से बीएलओ से सीधे संपर्क कर ईपीआईसी कार्ड और विभिन्न फॉर्म की जानकारी ली जा सकती है।
डीएम ने बताया कि 16 दिसंबर तक प्राप्त आवेदनों का डिजिटाइजेशन कर आयोग को भेजा जाएगा। 28 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण होगा। चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।