राजकीय इंटर कालेज केंद्र से बीएड प्रवेश परीक्षा देकर बाहर निकल रहे अभ्यर्थी
देवरिया। बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इसमें जिले के अलावा बिहार के सीमावर्ती जनपदों के अभ्यर्थी शामिल हुए। अभ्यर्थियों को पोलिटी के संविधान से जुड़े और करेंट अफेयर्स के प्रश्नों ने परेशान किया। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हुई।
बीएड प्रवेश परीक्षा में जिले भर के परीक्षा केंद्रों पर 13892 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से 12751 ने परीक्षा दी। 1141 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। राजकीय इंटर काॅलेज परीक्षा केंद्र से प्रथम पाली की परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न माडरेट आया था। इसमें पोलिटी में ज्यादातर प्रश्न संविधान से पूछे गए थे। विनीत कुमार ने बताया कि हिन्दी और जीएस सही रहा। पोलिटी में संविधान से अधिक प्रश्न पूछे गए थे। वहीं इश्तियाक ने बताया कि हिंदी में व्याकरण के प्रश्नों की भरमार थी। संधि, समास, प्रत्यय, उपसर्ग आदि के प्रश्न काफी थे। प्रिंस कुमार ने बताया कि महिला वर्ल्ड के बारे में प्रश्न पूछे गए थे।
...
बोले अभ्यर्थी
पेपर अच्छा आया था। हमने तैयारी की थी, उसमें से ही प्रश्न पूछे गए थे। जीएस में कुछ प्रश्न कठिन आए थे। बाकी सब ठीक रहा।
- पीयूष कुमार प्रजापति
...
पेपर मॉडरेट आया था। सामान्य अध्ययन में कुछ प्रश्न कठिन थे। मैने अच्छे से पढ़ाई की थी, इसलिए पेपर ठीक रहा।
- प्रिंसी सिंह
...
बैग पाने के लिए परेशान रहे अभ्यर्थी
राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थी लॉक रूम से अपना बैग पाने के लिए परेशान रहे। वह जब बैग लेने गए तो उन्हें बताया गया कि द्वितीय पाली की परीक्षा के बाद दिया जाएगा। इससे अभ्यर्थी परेशान हो गए। बिहार से आए दीपक कुमार, इश्तियाक आदि ने बताया कि कल से आए हुए हैं। रुपये, मोबाइल सबकुछ बैग में है। कल के खाए हुए हैं। जब बैग मिलेगा तब रुपये से कुछ खरीदकर खाएंगे। दूसरी पाली की परीक्षा बिना खाए पीए कैसे दे पाएंगे। गार्ड द्वारा बैग न देने की शिकायत लेकर अभ्यर्थी केंद्र व्यवस्थापक के पास गए। कुछ देर बाद केंद्र व्यवस्थापक के निर्देश पर अभ्यर्थियों को बैग मिल पाया।