देवरिया। शहरी इलाके के लोगों को सिलिंडर से जल्द निजात मिल जाएगा। अब सीधे रसोईघर में गैस की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए भारत पेट्रोलियम ने तैयारी शुरू कर दी है। दिसंबर माह से पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो जाएगा। कनेक्शन के लिए करीब 20 हजार लोगों ने आवेदन किया है।
शहरी इलाके के ज्यादातर लोगों के रसोईघर में गैस की आपूर्ति करने की तैयारी शुरू हो गई है। भारत पेट्रोलियम की तरफ से शहर में कनेक्शन के लिए सर्वे कराया जा रहा है। तीन फर्म को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। घर-घर पहुंचकर कर्मचारी रसोई गैस कनेक्शन के लिए नि:शुल्क फार्म भरवा रहे हैं। अब तक 20 हजार लोगों ने आवेदन किया गया है। रामगुलाम टोला, चकियवा और साकेत नगर में कार्य पूरा कर लिया गया है। बाकी मोहल्लों में सर्वे का कार्य चल रहा है। भारत पेट्रोलियम की ओर से चकियवा ढ़ाला के पास सामान स्टोर में पहुंच रहा है। दिसंबर महीने से शहर में रसोई गैस पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू करने की तैयारी है। सर्वे के अनुसार जिन मोहल्ले के लोग पहले कनेक्शन के लिए आवेदन फार्म भरे हैं। उसी मोहल्ले से जमीन के अंदर रसोई गैस पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
-
गोरखपुर से देवरिया तक बिछेगी गैस पाइप लाइन
शहर में रसोईघरों में सीधे गैस की आपूर्ति के लिए गोरखपुर के खानीपुर से देवरिया तक जमीन के अंदर पाइप बिछाई जाएगी। इसके लिए भारत पेट्रोलियम ने सर्वे का काम पूरा कर लिया है। इस परियोजना के शुरू होने से जल्द ही शहर के लोगों को सिलिंडर से कम दाम में रसोई गैस सीधे रसोईघर में पहुंचाई जाएगी।
सिलिंडर से कम खर्च रसोईघर गैस की आपूर्ति की जाएगी। रसोईघर तक कनेक्शन के बाद मीटर लगेगा। जितना रसोई गैस खर्च होगा। उतना बिल आएगा, उसी के हिसाब से भुगतान ग्राहक करेंगे। देवरिया में कनेक्शन के लिए करीब 20 हजार लोगों ने आवेदन किया है। दिसंबर माह में रसोई गैस पाइप लाइन का कार्य शुरू हो जाएगा। सामान भेजा जा रहा है।
सचिन सालुंके, असिस्टेंट मैनेजर भारत पेट्रोलियम
कनेक्शन के लिए हम लोग आवेदन कर दिए हैं। इससे गैस सिलिंडर मंगाने और बुक कराने से तो छुटकारा मिल जाएगा। घरों पर कोई पुरुष नहीं रहता था तो अचानक सिलिंडर खत्म होने पर दिक्कत होती थी।
शिवप्रसाद तिवारी, रामगुलाम टोला
-
घरों तक रसोई गैस की सप्लाई पहुंचना अच्छी पहल है। ऐसी तरक्की होनी चाहिए। सरकार की यह अच्छी योजना है। इससे खर्च भी कम आएगा और सिलिंडर बुक कराने की झंझट भी खत्म हो जाएगी।
अभय लाल श्रीवास्तव, रामगुलाम टोला
रसोई गैस पाइप लाइन सभी के लिए सुविधाजनक है। इस्तेमाल के हिसाब से बिल आएगा। इससे अतिरिक्त खर्च पर भी लगाम लगेगा। देवरिया के लिए यह अच्छी पहल है। जितनी जल्दी सुविधा मिले, उतनी अच्छी है। प्रियंका वर्मा, सभासद रामगुलाम टोला
-
रसोईघर तक गैस पहुंचने की बात हम सुने थे, लेकिन अब इसका लाभ उठाएंगे। इसको लेकर मोहल्ले के लोगों में खुशी है। मोहल्ले के अधिकांश लोगों ने आवेदन किया है।
अंकित गुप्ता, रामगुलाम टोला