रेल की पटरी टूटने के बाद देवरिया के नोनापार रेलवे स्टेशन के समीप खड़ी आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी/सलेमपुर (देवरिया)। रेल अफसरों की चूक से भटनी-छपरा रूट पर टूटी रेल की पटरी से गरीबरथ समेत कई ट्रेनें गुजर गईं। इसकी जानकारी हुई तो गेटमैन और की-मैन ने नोनापार रेलवे स्टेशन के पास लाल झंडी दिखाकर आम्रपाली एक्सप्रेस को रोका। टूटी पटरी ठीक करने के बाद ट्रेनें रवाना की गईं। करीब आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। कानपुर देहात के पुखराया रेलवे स्टेशन पर हुए भीषण ट्रेन हादसे के बाद भी रेल प्रशासन सतर्क नहीं है।
नोनापार रेलवे स्टेशन के समीप डाउन ट्रैक की एक पटरी सोमवार को टूटी गई। टूटी पटरी से अमृतसर से सहरसा जाने वाली गरीबरथ सुबह करीब 9.39 बजे रनथ्रू गुजरी। उसी समय रेलवे लाइन की पेट्रोलिंग कर रहे की-मैन संजय यादव की नजर टूटी कहुई पटरी पर पड़ी। उसने नोनापार स्टेशन के गेटमैन टिंकू राय को जानकारी दी। गेटमैन से भटनी के प्रभारी स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी।
इससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। भटनी स्टेशन से उसी समय रवाना हुई अमृतसर से दरभंगा जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस को गेटमैन और की-मैन ने लाल झंडी दिखाकर नोनापार स्टेशन के पास रोक दिया और ट्रेन चालक को टूटी हुई पटरी की जानकारी दी। मौके पर चीफ पीडब्ल्यूआई वीके शुक्ल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पटरी को फीट प्लेट लगाकर ठीक किया।
तब जाकर 10 बजे आम्रपाली एक्सप्रेस रवाना हुई। भटनी के प्रभारी स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान पटरी टूटी हुई मिली। आम्रपाली एक्सप्रेस को कर्मचारियों ने लाल झंडी दिखाकर रोक दिया। पहले जानकारी हुई होती तो अन्य ट्रेनों को नहीं चलाया गया होता।