टूटी रेलपटरी की जानकारी होने के बाद ट्रेनों को रोकता रेलकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी। छपरा-भटनी रेलखंड पर रेलवे पटरी के जोड़ पर गैप होने के बावजूद कई ट्रेनें गुजर गईं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। की-मैन की नजर पड़ी तो उसने उधर से गुजर रही दो ट्रेनों को नोनापार रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। पटरियों के बीच बने गैप ठीक होने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
नोनापार और भटनी रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार को सुबह करीब 8.30 बजे की-मैन रेल पटरियों की पेट्रोलिंग कर रहा था। उसे उसका गांव के पास अप लाइन पर दो पटरियों की ज्वाइंट पर गैप दिखाई दिया, जबकि इसी पटरी से ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस कुछ ही देर पहले गुजरी थी। की-मैन ने तत्परता दिखाते हुए छपरा की ओर से आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस और लखनऊ-बरौनी अप को नोनापार रेलवे स्टेशन पर रोक दिया और इसकी सूचना भटनी स्टेशन अधीक्षक को दी। रेलकर्मियों ने ज्वाइंट पर बने गैप को प्लेट लगाकर ठीक किया।
इसकी वजह से करीब आधे घंटे तक दोनों ट्रेनें नोनापार रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहीं। पटरी ठीक होने पर ट्रेनों को रवाना किया गया। पटरियों के बीच गैप होने के बाद भी कई ट्रेनें इस ट्रैक से गुजर गईं। राहत की बात रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। भटनी स्टेशन अधीक्षक आरके यादव ने बताया कि अधिक गर्मी की वजह से पटरियों के ज्वाइंट पर गैप बन जाता है। इसलिए रेलवे लाइनों की पेट्रोलिंग गर्मी के दिनों में बढ़ा दी जाती है। इसकी वजह से नोनापार स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक दो ट्रेनें खड़ी रहीं।