संवाद न्यूज एजेंसी
चनुकी। लार पुलिस ने एएनटीएफ थाना जिला गोरखपुर के प्रभारी रमेश राम की तहरीर पर देवरिया निवासी अनुज सिंह सहित तीन लोगों पर गांजा तस्करी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नामजद तीन में से दो आरोपियों को एंटी नारकोटिक्स टीम ने बृहस्पतिवार को ही गिरफ्तार कर लार पुलिस के सुपुर्द किया था, जिनको जेल भेज दिया गया है। अब लार पुलिस तीसरे अभियुक्त अनुज सिंह की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार देवरिया निवासी अनुज सिंह ने ही गांजे की इस खेप को असम से मंगवाया था, लेकिन देवरिया पहुंचने से पहले ही लार के चोरडीहा में माल को एंटी नारकोटिक्स की टीम ने पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि लार के चोरडीहा में कंटेनर नंबर एचआर-38 जेड 5407 से पकड़ा गया गांजा देवरिया के गरुणपार नई बस्ती निवासी अनुज सिंह का था। इसकी पुष्टि कंटेनर में पकड़े गए शैलेश गौड़ उर्फ गोलू निवासी बेलवा थाना महुआडीह जिला देवरिया ने पूछताछ में की।
पुलिस ने शैलेश उर्फ गोलू के मोबाइल की पड़ताल की तो पता चला कि आसाम से मॉल लोड होने के बाद बिहार बाॅर्डर पार करने के बीच की अवधि में अनुज सिंह से कई बार बात हुई है। पुलिस सीडीआर निकाल कर पुख्ता सबूत एकत्रित कर रही है। पुलिस ने शैलेश गौड़ उर्फ गोलू निवासी बेलवा थाना महुआडीह देवरिया व अमरजीत मुखिया निवासी पनसीहा थाना बहादुरपुर दरभंगा बिहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अनुज सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसकी संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।