संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की मंगलवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कैंप कार्यालय पर अधिकारियों के साथ समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अभियान में सहयोग करने वाले विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में 31 अक्टूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं कार्रवाई के लिए बने माइक्रोप्लान एवं विभिन्न विभागों द्वारा कार्य एवं दायित्वों का निर्वहन गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश के प्राविधानों के अनुसार संपूर्ण रूप से चलाए जा रहे अभियान को पूरे जनपद में और गति के साथ संचालित कराया जाए। संचारी रोग तथा दिमागी बुखार पर सफलतापूर्वक नियत्रंण पाने के लिये इस विषय पर एक संपूर्ण सोच के साथ संबंधित विभागों के मध्य उचित समन्वय होना अत्यंत आवश्यक है। लार्वा रोधी गतिविधियां तथा आवश्यकता अनुसार फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सूकर पालक के बाड़े आबादी से बाहर स्थापित करने के निर्देश दिए। नगर विकास, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, पंचायतीराज विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पशु पालन विभाग, कृषि विभाग आदि विभागों के अधिकारियों को भी व्यापक जनजागरूकता प्रसारित किये जाने के सम्बन्ध में निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण चौराशिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एके वैश्य, डिप्टी सीएमओ कार्तिकेय पांडेय, ईओ संजय तिवारी, सीडीपीओ सत्येंद्र सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्रा, सहायक मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि सहित डब्ल्यएचओ, सीफार और यूनिसेफ़ संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।