सलेमपुर। दो दिन पहले सलेमपुर से पीव कोल जाने वाली रेल लाइन के किनारे एक महिला के शव मिलने की घटना का शुक्रवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चाकू से गोदकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी से पूछताछ में यह बात सामने आई कि सलेमपुर के बरसीपार गांव के छावनी टोला निवासी निर्मला और सोनू गुप्ता निवासी पथारकला, थाना खैरीघाट जनपद बहराइच रिश्तेदार थे।
18 अगस्त की रात में निर्मला देवी के बुलाने पर सोनू रेलवे लाइन के किनारे उससे मिलने गया था। दोनों के बीच किसी बात पर वाद विवाद हो गया। सोनू ने चाकू से निर्मला पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सोनू शव रेल लाइन के किनारे फेंक कर भड़सरा में मामा के घर जाकर छिप गया था। पुलिस ने उसे भड़सरा से गिरफ्तार किया है।
बता दें कि सलेमपुर पुलिस को रेलवे स्टेशन मास्टर ने 18 अगस्त की रात सूचना दी थी कि पिवकोल रेलवे लाइन के किनारे एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची सलेमपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान निर्मला देवी पत्नी छांगुर शर्मा के रूप में की थी।
इस मामले में निर्मला के जेठ उपेन्द्र ठाकुर की तहरीर पर सलेमपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप लगाया गया था कि निर्मला की हत्या सोनू गुप्ता ने करके शव को रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका है।