पीड़ितों की शिकायत पर साइबर सेल की मदद से जांच कर रही पुलिस
देवरिया। तरकुलवा कस्बा के नौवीं के छात्र और बीए की छात्रा के बैंक खाते से जालसाजों ने आठ हजार रुपये निकाल लिए। ठगी के शिकार हुए पीड़ितों की शिकायत पर तरकुलवा पुलिस साइबर सेल की मदद से जांच कर रही है।
तरकुलवा कस्बा निवासी अभिमन्यु वर्मा आरडीबी पब्लिक स्कूल मठिया महावल में कक्षा नौ में पढ़ता है। उसका तरकुलवा उप डाकघर में बचत खाता है। बृहस्पतिवार की शाम उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले जालसाज ने बचत खाते का केवाईसी नहीं होने की बात कही और छात्र से आधार नंबर और बचत खाता नंबर पूछा।
उससे मोबाइल में एक एप डॉउनलोड कराया। उसके बाद बचत खाते में जमा तीन हज़ार रुपये निकल गए। उधर तरकुलवा की शिवानी शर्मा बुद्धा डिग्री कॉलेज कुशीनगर में बीए की छात्रा हैं। एसबीआई की तरकुलवा शाखा में उनका बचत खाता है। शुक्रवार की शाम को सोकर उठीं तो उसके मोबाइल फोन पर एक एसएमएस आया था। उसे पढ़ने और दी गई जानकारी को ओके करने के कुछ देर बाद उनके बैंक खाते से पांच हज़ार रुपये निकल गए। तरकुलवा एसओ रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।