देवरिया। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का एक मामला सामने आया है। जालसाज ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से 51 हजार रुपये निकाल लिए। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छितही बाजार निवासी एवं वर्तमान में रामनाथ में रहने वाले रुद्रप्रताप सिंह के साथ यह धोखाधड़ी हुई। पीड़ित का आरोप है कि किसी शख्स ने उनका एसबीआई का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 51 हजार रुपये की निकासी कर ली।
घटना के बाद पीड़ित ने 7 अप्रैल को कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके पहले भी 3 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी, जो साइबर शाखा में लंबित बताई जा रही थी।
पीड़ित ने पुनः 30 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। कोतवाल राकेश कुमार राय ने बताया कि मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा है। संबंधित बैंक खातों और ट्रांजेक्शन डिटेल्स को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।