मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर एजेंट ने ऐंठे थे 3.85 लाख
खुखुंदू थाना क्षेत्र के महुई श्रीकांत के रहने वाले हैं दोनों युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के महुई श्रीकांत गांव के दो युवकों से एक एजेंट ने मर्चेंट नेवी में शिप पर नौकरी दिलाने के नाम पर 3.85 लाख रुपये ऐंठ लिया है। पीड़ित युवकों ने बृहस्पतिवार को देवरिया एसपी संकल्प शर्मा से मिलकर प्रार्थनापत्र देते हुए एजेंट से रुपये वापस कराने की गुहार लगाई है। आरोप है कि एजेंट अब रुपये मांगने पर गालियां देता है। घर जाने पर मारने के लिए दौड़ा लेता है।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के एक काॅलोनी निवासी एजेंट ने महुई श्रीकांत के रहने वाले युवक इस्माइल अली से 1.80 लाख रुपये और उसी गांव निवासी चंद्रशेखर यादव से 20.5 लाख रुपये डेढ़ साल पहले मर्चेंट नेवी शिप पर नौकरी दिलाने के नाम पर ऐंठ लिया। छह माह बाद दोनों को मुंबई भेज दिया। वहां धोखा देकर किसी शिप में चढ़ा दिया। युवकों का कहना है कि दो दिन बाद निराश होकर हम लोग घर लौट आए। रुपये मांगने के लिए फोन करने पर एजेंट फोन नहीं उठाता है। कभी-कभी स्विच ऑफ कर लेता है। मार्च में हमलोग एजेंट के दरवाजे पर गए तो गालियां देते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया।
पीड़ित युवकों का कहना है कि एजेंट ने हमलोगों जैसे अनगिनत युवकों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये ऐंठे हैं। इतना ही नहीं रुपये नहीं देने के लिए हमेशा धमकाता रहता है।
एसपी संकल्प शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गौरी बाजार एसओ से बात कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को दोनों युवकों को गौरी बाजार थाने में बुलाया गया है।