पैन नंबर बदलने वाले शिक्षकों की शासन ने मांगी सूची
एसटीएफ ने दी कुछ और फर्जी शिक्षकों की सूची, अंतिम नोटिस की तैयारी
फर्जी शिक्षक भर्ती प्रकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत वे शिक्षक जिन्होंने वर्ष 2013 के बाद पैन नंबर बदलकर बीएसए कार्यालय में दिया है। उसकी सूची तैयार की जा रही है। ऐसे अध्यापक व अध्यापिकाओं को चिह्नित किया जा रहा है। शासन के इस नए निर्देश के बाद फर्जी प्रमाण पत्रों पर जिले में नौकरी कर रहे शिक्षकों में खलबली मची हुई है। उन्हें भी यह लग रहा है कि अब तक जांच की आंच जिन तक नहीं पहुंची थी। नए आदेश के बाद वे भी इस लपेटे में आएंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के उपसचिव अनिल कुमार ने बीएसए को आदेश दिया है कि परिषदीय के ऐसे शिक्षक जिन्होंने वर्ष 2013 से अब तक अपना पैन नंबर बदला हो। इसकी सूची कोषागार कार्यालय के साथ ही पांच मार्च तक शासन को उपलब्ध कराएं। सूत्रों की मानें तो शासन ने पहले भी इस संबंध में सूची मांगी थी, हालांकि, बीएसए कार्यालय स्तर से इस संबंध में लापरवाही बरती गई, इस पर नाराजगी जताते हुए इस संबंध में जल्द ही आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश हुए हैं। उधर, एसटीएफ से जुड़े सूत्रों के अनुसार जांच टीम ने सत्यापन के बाद करीब 10 शिक्षकों के प्रमाण पत्रों को फर्जी पाया है। उन्होंने इनकी सूची भी कार्यालय को उपलब्ध करा दी है। जिन शिक्षकों को चिह्नित किया गया है यदि वे तय समय के अंदर अपना स्पष्टीकरण विभाग के समक्ष नहीं प्रस्तुत किए तो इनकी सेवा समाप्ति तय मानी जा रही है। बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि शासन ने पैन बदलने वाले जिन शिक्षकों की सूची मांगी थी, उसे तैयार किया जा रहा है। एसटीएफ की सूची अभी नहीं मिली है, जैसे ही मिलेगी, संबंधित शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।