कुवैत में फंसा युवक किसी तरह पांच माह बाद पहुंचा घर
मदनपुर कस्बे का मामला, कोर्ट के निर्देश पर चार लोगों पर धोखाधड़ी का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। बेरोजगार युवक को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे एक परिवार ने तीन लाख रुपये की ठगी की। उन्होंने युवक को फर्जी कंपनी का वीजा देकर कुवैत भेज दिया। कुवैत में फंसा युवक किसी तरह पांच माह बाद घर पहुंचा। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर आरोपी परिवार पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया। मामला मदनपुर कस्बा के शेख टोला का है।
मदनपुर कस्बा शेख टोला निवासी शहनाज खातून ने न्यायालय में वाद दाखिल कर बताया कि उसका बेटा सुहेल गाड़ी चलाता था। कहीं काम नहीं मिलने पर वह घर बैठा था। मोहल्ला निवासी एक परिवार के लोगों ने विदेश में एक अच्छी कंपनी में चालक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने तीन बार में उससे तीन लाख रुपये लिए। बकौल महिला उसने बेटे को विदेश भेजने के लिए अपने जेवर बंधक रख कर रुपये दिए। मई 2023 में युवक कुवैत पहुंचा तो पता चला कि उसे फर्जी कंपनी का वीजा मिला था। परेशान युवक कुछ भारतीय मूल के लोगों के द्वारा सहयोग करने से किसी तरह पांच महीने बाद सितंबर में घर लौट आया। वह विदेश भेजने वालों से रुपये मांगने पहुंचा तो वे जान से मारने की धमकी दे रहे है।
पुलिस ने आरोपी फिरोज अहमद, पत्नी यासीन, बुन्नी बेगम और फरहीन पर धोखाधड़ी का अभियोग पंजीकृत किया। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि कोर्ट के निर्देश पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।