देवरिया। डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। हर रोज मरीज मिल रहे हैं। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को चार नए मरीज जांच में सामने आए। इनमें से एक की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया। वहीं, स्वस्थ होने पर वार्ड में भर्ती चार मरीजों को छुट्टी दे दी गई। वार्ड में कुल सात मरीजों का इलाज चल रहा है।
गैर प्रांत और प्रदेश के दूसरे जिलों से आने वाले लोग डेंगू पीड़ित मिल रहे हैं, वहीं शहर व ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न इलकों में भी मरीज मिल रहे हैं। सिविल कोर्ट की एक महिला कर्मचारी को कई दिन से बुखार आ रहा था। दवा लेने पर आराम नहीं मिलने पर जांच कराई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचीं, जहां भर्ती कर इलाज शुरू हुआ, लेकिन प्लेटलेट्स कम होने पर डॉक्टर ने रेफर कर दिया। बरियारपुर क्षेत्र की एक किशोरी को पांच दिन से बुखार आ रहा था। स्थानीय स्तर पर दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल आए, यहां भर्ती कर इलाज चल रहा है।
भटनी क्षेत्र की नौ साल की एक बालिका एक हफ्ते से बुखार से पीड़ित है। प्राइवेट में इलाज कराया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने रेफर कर दिया। सलेमपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को तीन दिन से बुखार आ रहा है। उन्होंने सीएचसी पर दवा ली, आराम न होने पर जांच कराई गई। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इसके अलावा वार्ड में तीन से भर्ती तीन लोगों का इलाज चल रहा है।
वहीं, एक व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे मेल मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि डेंगू को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। घर व आसपास सफाई रखें, पानी जमा न होने दें। बीमारी का लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। डॉक्टर से संपर्क करें। अस्पताल में इलाज दवा और जांच की निशुल्क सुविधा है। अलग से वार्ड बनाया गया है।