कुशीनगर। तमकुहीराज क्षेत्र के चार ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। इन मार्गों के नवनिर्माण के बाद आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। कनेक्टिविटी बढ़ने से व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
क्षेत्र के लोग हफुआ बलराम-हफुआ जीवन संपर्क मार्ग, चखनी-दाहूगंज संपर्क मार्ग से श्यामपट्टी शिव मंदिर-माधोपुर तकिया टोला संपर्क मार्ग, लतवा मुरलीधर जलालू मियां के घर से कोटवा-सरया खुर्द बार्डर तक और मोरवन-कोड़रा संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार ने बताया कि चारों ग्रामीण संपर्क मार्गों के नवनिर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजया गया। शुक्रवार को शासन से मंजूरी मिल गई।
1.100 किमी लंबे हफुआ बलराम-हफुआ जीवन संपर्क मार्ग के लिए 81.17 लाख रुपये और 2.200 किमी लंबे चखनी-दाहूगंज संपर्क मार्ग से श्यामपट्टी शिवमंदिर-माधोपुर बुजुर्ग तकिया टोला संपर्क मार्ग के लिए 158.08 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। 1.100 किमी लंबे लतवा मुरलीधर जलालू मियां के घर से कोटवा-सरेया खुर्द बार्डर संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए 78.71 लाख और 2.200 किमी लंबे मोरवन-कोड़रा टोला संपर्क के लिए 158.34 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। चारों संपर्क मार्गों के नवनिर्माण के लिए पहली किस्त जारी हो गई है।
पीडबल्यूडी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर चारों ग्रामीण संपर्क मार्गों का नवनिर्माण कार्य शीघ्र शुरू करा देगा। इससे करीब दो लाख की आबादी को आवागमन में सहूलियत होगी।