- सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर बापू इंटर कॉलेज के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ हादसा
- पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, घायल का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। लार नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक दलित बस्ती के पूर्व सभासद उमाशंकर प्रसाद (55) पुत्र रामसूरत की शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन के चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि बाइक सवार उनके रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बाइक सवार दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने पूर्व सभासद को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
नगर पंचायत लार के दलित बस्ती वार्ड निवासी उमाशंकर प्रसाद (55) पुत्र रामसूरत प्रसाद वार्ड के पूर्व सभासद थे। शुक्रवार को वह मगहरा गांव के पास महुई संग्राम गांव में अपनी बहन के घर गए थे। वहां से देर रात वह लौट रहे थे कि सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर बापू इंटर कॉलेज के पास जमुई रोड पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक पूर्व सभासद उमाशंकर प्रसाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उस पर सवार नगर के वार्ड नंबर दो पिपरा नाजिर निवासी दयाशंकर प्रसाद (50) पुत्र स्व. जागा प्रसाद गंभीर रूप घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाई, जहां डॉक्टर ने पूर्व सभासद उमाशंकर प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल दयाशंकर की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उमाशंकर के मौत की सूचना पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। उमाशंकर बहुत ही मिलनसार थे। सभी का सहयोग करना उनकी दिनचर्या में था। उनके घर पर पत्नी सुनीता देवी, पिता रामसूरत प्रसाद, भाई बिंदु प्रसाद व रिंकू प्रसाद का रो-रोकर बुरा हाल है। उमाशंकर तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उमाशंकर को तीन बेटा रोशन 18 वर्ष, वीरू 16 वर्ष व अंकित 14 वर्ष और एक बेटी प्रिया 12 वर्ष की है।
सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।